10 करोड़ 24 लाख की राशि से होगा खेल परिसरों का विकास
छिंदवाड़ा
02-Apr-26
इन्दिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम के उन्नयन के लिए स्वीकृत हुए 87 लाख
छिंदवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा लगातार खेल गतिविधियों का संचालन कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले के खिलाड़ियों को और भी बेहतर खेल सुविधाओं के उद्येश्य से सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के खिलाड़ियों को इमलीखेड़ा में बनने वाले एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर सहित अन्य खेल परिसरों की सौगात दिलाई है। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से स्वीकृत 10 करोड़ 24 लाख 41 हजार की राशि से छिंदवाड़ा में खेल परिसरों का विकास हो सकेंगा।
इमलीखेड़ा में 20 एकड़ जमीन स्वीकृत
उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को पुरूस्कृत करने के लिए पहुंचे खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सांसद बंटी विवेक साहू की मांग पर ईमलीखेड़ा में एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर सहित अन्य खेल परिसरों के विकास और निर्माण की घोषणा की थी। इस घोषणा के चंद दिनों बाद ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश ने ईमलीखेड़ा में आवंटित 20 एकड़ भूमि में बनने वाले एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब इमलीखेड़ा में बनने वाले एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर सहित अन्य खेल परिसरों के विकास सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए 10 करोड़ 24 लाख 41 हजार की राशि स्वीकृत भी कर दी है। अब जल्द ही यहां पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इन खेल परिसरों के लिए स्वीकृत हुई राशि
सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के खिलाड़ियों को इमलीखेड़ा में बनने वाले एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर सहित अन्य खेल परिसरों की सौगात दिलाई है। जिसके तहत इमलीखेड़ा में 20 एकड़ आवंटित भूमि में 7 करोड़ 86 लाख की राशि से विभिन्न निर्माण कार्य होगे। इन्दिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम में टेबल टेनिस हॉल के उन्नयन के लिए 47 लाख और इन्दिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम के उन्नयन के लिए 87 लाख मिले है। इन्दिरा गांधी किक्रेट स्टेडियम में ही 35 लाख 41 हजार की राशि से इनडोर जिम का निर्माण किया जायेगा। ओलम्पिक स्टेडियम छिंदवाड़ा में इनडोर बैडमिंटन हॉल के लिए 26 लाख की राशि मिली है वही ओलम्पिक स्टेडियम में ही 43 लाख की लागत से ग्रॉस फील्ड का निर्माण हो सकेगा।
दो फेजों में होगा निर्माण कार्य
ईमलीखेड़ा में आवंटित 20 एकड़ भूमि में 7 करोड़ 86 लाख की राशि से एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा। जिसके प्रथम फेज में एप्रोच रोड, प्रशासनिक भवन सहित इंडोर स्पोर्ट्स कंपलेक्स में बैडमिंटन, मल्टीपर्पज हॉल, योगा हॉल, टेबल टेनिस हॉल, फिटनेस सेंटर का निर्माण किया जाएगा। वहीं द्वितीय फेज में 400 मी सिंथेटिक ट्रैक, फुटबॉल, स्विमिंग पूल, कबड्डी कोट, खो-खो कोट, वॉलीबाल कोट, सिंथेटिक कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।