जिला भाजपा की मासिक बैठक में सेवा, संगठन और जनसंपर्क पर विशेष जोर
राजनीति
07-Sep-26
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, बूथ तक बढ़ाएं सक्रियता: आदित्य बबला शुक्ला
सेवा के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे कार्यकत: विवेक बंटी साहू
सेवा कार्यों से बनेगा जनविश्वास, अभियान को दें व्यापक स्वरूप: शेषराव यादव
जनसेवा को बनाएं संगठन की निरंतर कार्यपद्धति: राजा कमलेश शाह

छिंदवाड़ा
जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को जिला भाजपा की मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। बैठक में पिछले माह की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्योति डेहरिया एवं पूर्व विधायक रमेश दुबे की विशेष उपस्थिति रही।
मासिक बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा
जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने मासिक बैठक के अंतर्गत पिछले माह भाजपा संगठन द्वारा किए गए विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने मंडलवार संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता संगठन के कार्यक्रमों और अभियानों को केवल औपचारिकता न मानकर जनसेवा के संकल्प के रूप में लेकर कार्य करें। बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, निरंतर जनसंपर्क और सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने आगामी सेवा संकल्प अभियान में सभी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और टीम भावना के साथ जुटने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर हुआ मंथन
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकताओं को समझें और जरूरतमंदों की सेवा में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सेवा भाजपा कार्यकर्ता का संस्कार और दायित्व है। कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर सेवा कार्यों को व्यापक रूप दें तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करें।
जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है और जनसेवा ही संगठन की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को जिलेभर में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा एवं जनकल्याण के विभिन्न कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय और पूरी सक्रियता के साथ अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करें तथा सेवा संकल्प अभियान को जिले में जनसेवा का व्यापक अभियान बनाएं।
अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का समाज के साथ जुड़ाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक पहुंचकर सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत किया जाए।
जिला महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक कमलेश उइके ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले करणीय कार्यों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। उन्होंने अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, उनकी कार्ययोजना तथा मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका की जानकारी दी। प्रदेश कार्यसमिति द्वारा पारित राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन जिला महामंत्री विजय पांडे द्वारा किया गया। बैठक एवं कार्यशाला का संचालन कार्यालय मंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान सदस्य भारत घई ने किया, आभार जिला टोली के सदस्य अभिलाष गौहर ने किया।
अभियान टोली की सदस्य श्रीमती अमिता बरहैया सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।