विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
शिक्षा
07-Sep-26
दही हांडी में दिखा छात्रों का उत्साह

छिंदवाड़ा
विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में सोमवार को जन्माष्टमी का पर्व पूरी श्रद्धा, उल्लास और कृष्णमय वातावरण में आनंदपूर्वक मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर नंद घर आनंद भयो- जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। विद्यालय ने अपनी सांस्कृतिक व सामाजिक परंपराओं का पालन करते हुए इस पर्व को बेहद भव्य रूप में आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उन्हें झूले में विराजमान कर पूजन-अर्चन के साथ हुई। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो विद्याभूमि के प्रांगण में ही गोकुलधाम अवतरित हो गया हो। राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर 10वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे थे, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। छात्रों के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर आकर्षक कृष्ण लीला और सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं के विभिन्न समूहों ने मच गया शोर सारी नगरी.. और गोविंदा आला रे... जैसे भजनों पर शानदार नृत्य कर समां बांध दिया।
दही हांडी (मटकी फोड़)
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण मटकी फोड़ रहा। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के विभिन्न ग्रुप्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मटकी फोड़ के दौरान हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के नारों से पूरा वातावरण जोश से भर गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. (श्रीमती) विजया यादव और तकनीकी निदेशक विशेष यादव ने उपस्थित सभी लोगों और नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।