जिले में अब तक 1 लाख 55 हजार किसानों द्वारा ई-टोकन बुक
कृषि जगत
17-May-26
कृषि विभाग ने कहा खाद का पर्याप्त भंडार, ई-टोकन से सभी को मिलेगी खाद
छिन्दवाडा
खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर जिले में सभी प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में लगभग 95 हजार मैट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें लगभग 50 हजार मैट्रिक टन यूरिया, 25 हजार मैट्रिक टन एनपीके एवं डीएपी तथा 20 हजार मैट्रिक टन एसएसपी और म्यूरेट ऑफ पोटाश का भंडारण शामिल है।
किसानों से अपील की गई है कि वे ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन बुक कर अपनी सुविधा अनुसार उर्वरक वितरण केंद्र का चयन करें तथा खाद की पूरी मात्रा एक साथ उठाव करें। उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि यदि किसानों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो उनके ग्रामों में पहुंच रहे किसान रथ के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है। किसान रथों के माध्यम से खरीफ फसल की तैयारी एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी किसानों को दी जा रही है।
विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में अब तक लगभग 1 लाख 55 हजार किसानों द्वारा ई-टोकन बुक किए जा चुके हैं। वहीं एक अप्रैल से अभी तक 45 हजार किसानों ने लगभग 22 हजार मैट्रिक टन उर्वरक का उठाव किया है। कृषि विभाग ने किसानों से समय पर उर्वरक प्राप्त कर खरीफ सीजन की तैयारियां पूर्ण करने की अपील की है।