Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मेडिकल कॉलेज के पास गांजा बेचने की फिराक में पकड़ा गया तस्कर, 2 किलो मादक पदार्थ जब्त

मेडिकल कॉलेज के पास गांजा बेचने की फिराक में पकड़ा गया तस्कर, 2 किलो मादक पदार्थ जब्त
छिंदवाड़ा
18-Jun-25
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा में कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई मंगलवार, 18 जून को दोपहर के समय की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज के पास एक युवक गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

गांजा लेकर घूम रहा था प्रियदर्शनी कॉलोनी का युवक

गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान फिरोज शाह (35), निवासी प्रियदर्शनी कॉलोनी, थाना देहात क्षेत्र के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से प्लास्टिक पैकेट में रखा हुआ दो किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

फिरोज शाह से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह गांजा कहां से लाया था और किसे बेचने जा रहा था। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।

कार्रवाई में यह अधिकारी रहे शामिल

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे, एसआई नारायण सिंह बघेल, ब्रजेश रघुवंशी, सउनि प्रकाश सनोडिया, प्रआर युवराज रघुवंशी, विकास बैस, अमिता तोमर और साइबर सेल के नितिन सिंह व आदित्य रघुवंशी की अहम भूमिका रही।
Share News On