Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कोरोना फिर से दे रहा दस्तक: नए वैरिएंट्स से बढ़ती मौतें और अधिक सतर्कता की ज़रूरत

कोरोना फिर से दे रहा दस्तक: नए वैरिएंट्स से बढ़ती मौतें और अधिक  सतर्कता की ज़रूरत
देश
18-Jun-25
कोविड-19 का संकट पूरी तरह टला नहीं है। बीते 24 घंटे में 4 लोगों की मौत ने एक बार फिर देश को चेताया है कि नया वैरिएंट भले गंभीर न हो, लेकिन बिलकुल भी लापरवाही नहीं चलेगी।
जनवरी 2025 से अब तक कोरोना से 113 मौतें हो चुकी हैं। इसमें सबसे ज्यादा केरल (36), महाराष्ट्र (31), और दिल्ली (13) की रिपोर्ट चिंता पैदा कर रही है। इस समय देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 6483 एक्टिव केस हैं, और सिर्फ मंगलवार को ही 163 नए केस सामने आए।

राज्यों में बढ़ती सतर्कता, सिस्टम एक्टिव मोड में

उत्तर प्रदेश में सभी अस्पतालों को कोविड बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं और PPE किट तैयार रखने को कहा गया है।
नगालैंड में इस साल का पहला केस दर्ज हुआ, मरीज होम आइसोलेशन में है।
केरल में कोविड लक्षण वाले मरीजों की टेस्टिंग अनिवार्य कर दी गई है और मास्क पहनना फिर से ज़रूरी बना दिया गया है।
कर्नाटक में कोविड वार्ड एक्टिव कर दिए गए हैं, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों के लिए।

कौन-कौन से नए वैरिएंट्स सक्रिय?

देश में इस समय कोविड-19 के चार नए वैरिएंट्स की पहचान हुई है: LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 इनमें से JN.1 सबसे आम है, जो टेस्टिंग में आधे से ज्यादा मामलों में पाया गया है। WHO के मुताबिक ये वैरिएंट “चिंता का कारण नहीं” हैं, लेकिन इन्हें निगरानी में रखा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि NB.1.8.1 जैसे वैरिएंट में ऐसे म्यूटेशन हैं जो इम्यूनिटी को चकमा दे सकते हैं, यानी वैक्सीन या पहले हुए संक्रमण से बनी प्रतिरोधक क्षमता पर इसका असर कम हो सकता है।
JN.1: ‘लॉन्ग कोविड’ का खतरा भी
JN.1 वैरिएंट भले जानलेवा न हो, लेकिन इसकी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यह शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर करता है। इसमें करीब 30 म्यूटेशन पाए गए हैं, और यह कई लोगों को ‘लॉन्ग कोविड’ का शिकार बना रहा है — जिसमें लक्षण ठीक होने के बाद भी हफ्तों तक बने रहते हैं।

अब क्या करें?

सतर्क रहें, घबराएं नहीं

ICMR और स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह है कि लोग फिलहाल घबराएं नहीं, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है। मास्क का इस्तेमाल, लक्षण दिखने पर टेस्टिंग, और ज्यादा भीड़भाड़ से बचाव — यही इस समय की सबसे अहम ज़रूरत है।
कोरोना भले पुरानी खबर लगे, लेकिन इसकी वापसी हर बार नए रूप में होती है। इस बार हमारी तैयारी पहले से बेहतर है, बस जरूरत है जागरूक रहने की।
Share News On