सेवा संकल्प सोसाइटी ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य
31-Oct-26
प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने संकल्प स्कूल में दीं निःशुल्क सेवाएं

छिंदवाड़ा अपडेट
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शंकर नगर परतला स्थित संकल्प पब्लिक स्कूल में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, छिंदवाड़ा द्वारा जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 265 नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
शिविर में शहर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. शुभम बारंगे (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. सौरभ कुमार (सामान्य चिकित्सा), डॉ. दिव्या खरे (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. भोला यादव (मुख एवं दंत रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे। शिविर में सामान्य बीमारियों के साथ-साथ महिला एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, दंत रोग, मधुमेह, जोड़ों के दर्द, पथरी एवं पाइल्स जैसी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कुल 265 नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर शिविर का लाभ उठाया। परीक्षण के उपरांत मरीजों को निःशुल्क दवाइयों एवं टूथपेस्ट का वितरण भी किया गया। ,समाजसेवा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी चिकित्सकों को संस्था की ओर से संकल्प अंगवस्त्र, पौधे एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। चिकित्सकों को पौधे भेंट करने के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।शिविर को सफल बनाने में संस्था के आशीष वर्मा, विद्यालय प्राचार्य स्तुति अग्निहोत्री ,श्रीमती माया बनसिंगे, प्रशांत रोतिया, आकांक्षा शुक्ला, सोफिया खान, हिमानी सोनी एवं सुनीता चौधरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डी एस चौरे ने किया। कार्यक्रम के अंत में संकल्प पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती स्तुति अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, संस्था के सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।