विधायक जनता का सेवक होता है, मालिक बनने का अहंकार न पालें सुनील उइके: कमलेश उइके
राजनीति
31-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

भाजपा जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने विधायक सुनील उइके के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को खटमल की तरह मसलने का दिवास्वप्न देखना बंद करें। कांग्रेस की सत्ता ग्राम पंचायत से लेकर केंद्र तक रही, तब भी भाजपा कार्यकर्ता न डरे थे और न झुके थे, तो अब इन गीदड़ भभकियों से क्या डरेंगे? भाजपा का कार्यकर्ता संघर्ष की भट्ठी में तपकर निकला है, उसे धमकियों से दबाने की कोशिश करना आपकी राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचायक है। यदि विधायक सुनील उइके जोर-आजमाइश करना चाहते हैं तो आजमा लें, भाजपा कार्यकर्ता उनकी हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा से डराने, धमकाने और सत्ता का रौब दिखाने पर आधारित रही है। विधायक सुनील उइके भी उसी मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। विधायक जनता का सेवक होता है, मालिक नहीं। लेकिन कांग्रेस विधायक जनता का सेवक बनने के बजाय मालिक बनने का अहंकार पाल बैठे हैं। जिस जनता ने अपने मताधिकार से आपको विधायक बनाया है, वही जनता आपके अहंकार, धमकियों और गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी का हिसाब भी ले सकती है और दोबारा घर बैठाने में भी देर नहीं लगाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता काम और व्यवहार से बनाई जाती है, न कि धमकी और दबाव से। लगातार जनविश्वास खो रही कांग्रेस के नेता अब जनता और कार्यकर्ताओं को डराने की भाषा पर उतर आए हैं। यह उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। विधायक सुनील उइके को भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाने के बजाय अपने क्षेत्र की जनता के प्रति जवाबदेही निभाने पर ध्यान देना चाहिए।
जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और जनहित के मुद्दों के लिए प्रतिबद्ध है। धमकियों से न भाजपा की आवाज दबेगी और न कार्यकर्ताओं के हौसले टूटेंगे। जनता सब देख रही है, सब सुन रही है और समय आने पर अपने मताधिकार से हर अहंकार का जवाब देना भी जानती है।