Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर-एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने थामा तिरंगा

कलेक्टर-एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने थामा तिरंगा
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ निकली विशाल तिरंगा रैली

17 अगस्त 2026 तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

छिन्दवाडा 

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित “हर घर तिरंगा” अभियान 2026 के अंतर्गत आज जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निकाली गई।

तिरंगा रैली का नेतृत्व उप पुलिस महानिरीक्षक छिंदवाड़ा श्री राकेश सिंह, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय द्वारा किया गया। रैली पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर बस स्टैंड चौराहा, जेल तिराहा, फव्वारा चौक, ईएलसी चौक एवं नागपुर रोड से होते हुए पुनः पुलिस लाइन छिंदवाड़ा पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

रैली में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, नगरपालिक निगम आयुक्त सी.पी. राय, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के.इड़पाचे एवं राजस्व विभाग के अधिकारीगण, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लगभग 2000 प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान 2026 का आयोजन 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना, देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ावा देना है।

Share News On