Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
राजनीति
07-Aug-26
भाजपा की नीतियां किसान, युवा और आदिवासी विरोधी: कांग्रेस

छिन्दवाड़ा

कांग्रेस कमर कसकर नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। बूथ को मजबूत करने के साथ ही वार्ड स्तर पर नियुक्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में बैठकों के माध्यम से जोश भरा जा रहा है। भाजपा सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति वृहद स्तर पर बनाई जा रही है। जिसके परिणाम आने वाले दिनों में साफ दिखाई देंगे। वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में आयोजित बैठकों में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सृदृढ़ बनाने पर मंथन जारी है साथ ही वार्ड स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के भी सुझाव चुनावी दृष्टिकोण से लिए जा रहे हैं।

शहर कांग्रेस के पश्चिम उप ब्लॉक क काराबोह में आयोजित वाड्र क्रमांक 01 के बूथ क्रमांक 7,8 एवं 10 की आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान, युवा और आदिवासी विरोधी है। वैसे तो बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी से हर जन प्रभावित है। किसानों को खाद नहीं मिल रही और सरकार घोषणाओं तक सीमित है। हमें युवाओं, किसानों और आदिवासी भाइयों की आवाज बनना है।  

छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर नियुक्त समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वे स्थानीय स्तर पर सतत रूप से बैठकें करें। वार्ड कमेटियों का सुचारू रूप से संचालन करें ताकि वार्ड के लोगों की समस्याएं भी सुनी जा सके और वार्ड कमेटियों की गतिविधियां भी सुचारू रूप से संचालित होती रहें। प्रत्येक गतिविधियों से जिला कांग्रेस कमेटी को अवगत कराया जाए।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि हमारा प्रत्याशी सिर्फ कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिन्ह ही होगा, इसके लिए व्यक्तिविशेष से ऊपर उठकर चुनाव लड़ने का समय आ चुका है। उन्होंने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि चुनाव की तैयारियां अभी से ही प्रारंभ करें। आयोजित बैठक में पश्चिम उप ब्लॉक के अध्यक्ष, प्रभारीगण, समन्वयक व काराबोह वार्ड क्रमांक 01 के बूथ क्रमांक 7.8.10 के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण, बीएलए, बूथ प्रभारी, वार्ड अध्यक्षगण सहित कांग्रेस के मार्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Share News On