विद्याभूमि में शालेय जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता संपन्न
खेल
31-Aug-26
छिंदवाड़ा विकासखंड के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, 100 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

छिंदवाड़ा
विद्याभूमि पब्लिक स्कूल परिसर में शालेय जिलास्तरीय अंडर-11, 14, 17 एवं 19 बालक-बालिका स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त को किया गया। प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव एवं मोहखेड़ विकासखंड की टीमों के करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के प्रारंभ में विद्याभूमि पब्लिक स्कूल की प्रशासिका डॉ. विजया यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी योगेश प्रसाद चौरिया, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रताप युवनाती, विद्याभूमि क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष राजेश बोध, कुंजबिहारी वर्मा एवं श्रांत चंदेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अंडर-11, 14, 17 एवं 19 वर्ग में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाली संभागीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्याभूमि पब्लिक स्कूल की ओर से विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में संबंधित विकासखंडों के अधिकारी, शिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में स्केटिंग कोच सचिन कोमेजवार सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
छिंदवाड़ा विकासखंड का शानदार प्रदर्शन
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा विकासखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। राजेश्वरी टेकाम, विराट मोरिया, याशिका चापले, छायांक शाह परतेती, अक्षत साहू, वंशिता राय, भाविका परतेती, रिशांक विश्वकर्मा, राहुल भारती एवं हिमांक पवार (विद्याभूमि पब्लिक स्कूल), सानिद्ध धुर्वे (डीपीएस), वेदिक यादव (भारत भारती), आस्था यादव एवं आयुष साहू (बालाजी पब्लिक स्कूल) ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन एवं खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए संभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।