राष्ट्रपति की उपस्थिति में घोरावाड़ी के सरपंच का दिल्ली में सम्मान
छिंदवाड़ा
13-Mar-26
गांव में नल-जल योजना के सफल क्रियान्वयन पर मिला पुरस्कार
छिन्दवाडा
देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में 11 मार्च 2026 को विज्ञान भवन नई दिल्ली में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अन्तर्गत जल महोत्सव का आयोजन किया गया। जिले के लिए हर्ष का विषय है कि इस जल महोत्सव में छिन्दवाड़ा जिले के चौरई विकासखण्ड के ग्राम घोरावाड़ी के सरपंच अलब सिंह सनोड़िया को उत्कृष्ट जल नेतृत्व सरपंच सम्मान/जल प्रबंधन प्रेरणा सरपंच सम्मान से सम्मानित करते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रशंसा प्रत्र प्रदान किया गया है ।

यह सम्मान उन्हें जल जीवन मिशन के अन्तर्गत नल जल योजना के सफल संचालन, संधारण में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिया गया है। ग्राम घोरावाड़ी के सरपंच अलब सिंह सनोड़िया को प्रशंसा पत्र मिलने पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खण्ड छिन्दवाड़ा सुधांशु जैन और सहायक यंत्री चौरई सुश्री सीता मरकाम सहित संबंधित अधिकारियों तथा क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।