Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गैस एजेंसियां और वितरकों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी

गैस एजेंसियां और वितरकों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
छिंदवाड़ा
13-Mar-26
नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारियों के दल का गठन

छिन्दवाडा

घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे, किसी भी नागरिक को परेशानी न हो इसके लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के सभी विकासखण्डों में नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने हुए दल का गठन किया गया है। जिले के सभी विकासखंडों में संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी तथा संबंधित तहसीलदार, प्रभारी तहसीलदार एवं सहायक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों तथा ग्रामीण वितरकों की गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं एवं चिकित्सालय तथा शैक्षणिक संस्थाओं को नियमानुसार नियमित रूप से एलपीजी की सप्लाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वाणिज्यिक एवं घरेलू सिलेंडर के स्टॉक की समीक्षा करेंगे तथा वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेण्डर की कोई जमाखोरी और कालाबाजारी ना हो, इस पर निगरानी रखेंगे।

साथ ही व्यावसायिक एलपीजी उपयोगकर्ताओं की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे। एलपीजी गैस की आपूर्ति, भंडारण एवं वितरण से संबंधित गोदामों तथा स्टॉक की भी नियमित समीक्षा करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। एलपीजी से संबंधित गतिविधियों में किसी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध उपयोग की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी सूचना कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित करेंगे।
Share News On