नागपंचमी पर अनगढ़ हनुमान मंदिर में बाबा त्र्यंबकेश्वर का रुद्राभिषेक
छिंदवाड़ा
16-Aug-26
देश की पावन नदियों और तीर्थों के जल से होगा अभिषेक,
शाम 6 बजे से आयोजन, आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण

छिंदवाड़ा
नागपंचमी के पावन अवसर पर स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर में भगवान त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग का विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। सावन माह के तीसरे सोमवार को होने वाले इस धार्मिक आयोजन में परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री नागेंद्र ब्रह्मचारी के सानिध्य में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अभिषेक कराया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार रुद्राभिषेक शाम 6 बजे से शुरू होगा। इस दौरान देश की पावन नदियों एवं प्रमुख तीर्थों के जल से बाबा त्र्यंबकेश्वर का अभिषेक किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय होगा। ढोल-नगाड़ों और करतल ध्वनि के बीच श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव के त्र्यंबकेश्वर स्वरूप की आराधना और रुद्राभिषेक का विशेष महत्व माना गया है। आयोजकों ने बताया कि कलियुग में मिट्टी से भगवान शिव की प्रतिमा बनाकर रुद्राभिषेक करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है। त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन को कालसर्प योग की शांति से भी जोड़ा जाता है। रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान की आरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण होगा। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।