Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय

संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय
राजनीति
10-Jul-26
सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने की बैठक में संगठनात्मक गतिविधयों की समीक्षा

छिंदवाड़ा

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं छिंदवाड़ा संभाग प्रभारी, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने अपने एक दिवसीय छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की व्यापक समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की। इस दौरान छिंदवाड़ा संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव उनके साथ उपस्थित रहे।

निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय का किया निरीक्षण

प्रवास के दौरान डॉ. सोलंकी ने आदित्य बबला शुक्ला एवं शेषराव यादव के साथ वी.आई.पी. रोड, खजरी में निर्माणाधीन भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए इंजीनियरों एवं सुपरवाइजरों को गुणवत्ता, मजबूती एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह कार्यालय शीघ्र ही तैयार होकर संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगा तथा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी केंद्र बनेगा।

प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना होगा: सोलंकी

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका सुदृढ़ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान की समीक्षा करते हुए शेष कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से दक्ष बनना होगा, तभी संगठन बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी बनेगा। साथ ही उन्होंने श्मन की बातश्, मंडल बैठकों एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

संगठन की योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन बूथ स्तर पर होता है: बबला शुक्ला

छिंदवाड़ा संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि संगठन की योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन बूथ स्तर पर होता है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से नियमित बैठकें आयोजित करने, बूथ समितियों को सक्रिय रखने तथा संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को समयबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से संपन्न कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन और समाज के बीच एक सशक्त कड़ी की भूमिका निभाए।

संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही संभव: शेषराव यादव

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें, कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखें तथा आगामी कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि संगठन ही हमारी शक्ति है और कार्यकर्ता ही हमारी पहचान हैं।

मंडल अध्यक्षों की अलग से हुई बैठक

जिला बैठक के बाद मंडल अध्यक्षों की पृथक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विषयों, बूथ सशक्तीकरण, मंडल बैठकों की नियमितता तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। सभी मंडल अध्यक्षों से संगठन हित को सर्वाेपरि रखते हुए पूर्ण समर्पण एवं अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम, मंडल बैठकों तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी दायित्वधारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती ज्योति डेहरिया, अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहके, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक रमेश दुबे, नत्थनशाह, चौरई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी लखन वर्मा, पूर्व अध्यक्ष भारिया विकास प्राधिकरण दिनेश अंगारिया सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में मंच संचालन जिला महामंत्री कमलेश उईके द्वारा एवं जिला महामंत्री आभार विजय पांडे द्वारा किया गया।
Share News On