23वीं बार अमरनाथ पहुंचे रंजन साहू, बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी के भी 16वीं बार किए दर्शन
धर्म
09-Aug-26
छिंदवाड़ा

हिमालय की बर्फीली पहाड़ियों के बीच करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए छिंदवाड़ा से गए रंजन साहू ने इस वर्ष 23वीं बार बाबा अमरनाथ के दर्शन किए। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच उन्होंने बाबा बर्फानी के दर्शन कर जिले और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा से जुड़े मंडल सेवादार कृष्णा सेठिया और राकेश साहू ने बताया कि रंजन साहू लंबे समय से अमरनाथ यात्रा से जुड़े हैं। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वापस लौटने तक सेवादारों द्वारा उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा जाता है।
इसी यात्रा के दौरान रंजन साहू ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मंडी गांव में सेना की छावनी क्षेत्र में स्थित बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी के भी दर्शन किए। यह उनके बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन की 16वीं यात्रा है। इस दौरान उनके साथ सत्यनारायण झरिया भी मौजूद रहे।
कठिन और चुनौतीपूर्ण है बूढ़ा अमरनाथ की यात्रा
बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी की यात्रा को बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण माना जाता है। पुंछ क्षेत्र में स्थित यह धार्मिक स्थल लंबे समय से सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में रहा है। सेना की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालु बाबा के दर्शन करते हैं। विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था के कारण यहां तक पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभव रहता है।
करीब 1000 श्रद्धालु लौटे
शिव शक्ति सेवा मंडल के माध्यम से इस वर्ष छिंदवाड़ा जिले से करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की और सफलतापूर्वक वापस लौटे। यात्रा के दौरान सेवादारों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर लगातार समन्वय बनाए रखा।