कुकड़ा जगत जोन में लगा लोक कल्याण शिविर
छिंदवाड़ा
18-Jun-26
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आवेदनों का किया गया निराकरण
छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नगर निगम के सभी जोनों में आयोजित जनकल्याण शिविरों के अंतर्गत रविवार को तीसरे एवं अंतिम दिवस कुकड़ा जगत जोन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्षद पंडित श्रीराम शर्मा, उदय सिंह पटेल, जनप्रतिनिधि ओम चौरसिया, सेवानिवृत्त एसडीओ श्री साहू, सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी, जोनल अधिकारी बृजेश पांडेय, राजस्व अधिकारी महेश साहू, सिटी मिशन मैनेजर उमेश पयासी, सुश्री सेवंती पटेल, राजस्व निरीक्षक ऋषभ स्थापक, अमित सारवान, जोन लिपिक सुश्री रीना पवार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में बताया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सरल एवं सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम के सभी जोनों में इन शिविरों का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देशानुसार शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया तथा विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविरों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग से संबंधित सेवाओं के तहत अविवादित संपत्ति नामांतरण (मृत्यु प्रकरण), अविवादित संपत्ति हस्तांतरण, नए नल एवं सीवर कनेक्शन, डेड लाइन सुधार कार्य, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल सुधार, नो ड्यूज प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना, फायर एनओसी, भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, आवासीय भवन निर्माण स्वीकृति तथा विकास अनुज्ञा की समय-सीमा वृद्धि संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन सुविधा उपलब्ध कराई गई। सहायक आयुक्त मीना कोरी द्वारा नगर के सभी पांचों जोनों में उपस्थित होकर आवेदनों के निराकरण कार्यों का निरीक्षण भी किया गया।
शिविर में नसमो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, नागपुर की डॉ.अंजलि मोरे, स्वास्थ्य सलाहकार श्रीमती शिल्पा ठाकरे एवं श्रीमती अनुजा तुले अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं। उनके द्वारा नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रक्तचाप, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जनकल्याण शिविरों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया गया। इनमें पीएम स्वनिधि योजना के 132, ट्रेड लाइसेंस के 37, नो ड्यूज प्रमाण पत्र के 1972, संबल योजना के 49, बीपीएल संबंधी 5, नए नल कनेक्शन के 26, पेंशन के 8, जन्म प्रमाण पत्र के 78 तथा मृत्यु प्रमाण पत्र के 124 आवेदनों का निराकरण शामिल है। नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इसके साथ ही जनकल्याण शिविरों के तीसरे एवं अंतिम चरण का समापन हुआ।