कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने ली नगर निगम की समीक्षा बैठक
छिंदवाड़ा
18-Jun-26
शहरी विकास और नागरिक सुविधाओ पर की चर्चा
छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में शहर के विकास और स्वच्छता को लेकर नगर निगम छिंदवाड़ा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी), पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, राजस्व वृद्धि, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त सी.पी.राय और सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी सहित पेयजल, स्वच्छता, पीएम आवास, पीएम स्वनिधि आदि योजनाओं से संबंधित प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री नारायन ने प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का चयन वार्ड स्तर पर नियमानुसार निरीक्षण के बाद ही करने तथा डीपीआर को अनुमोदन उपरांत अग्रेषित करने के निर्देश दिए, जिससे वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को आवास का लाभ मिल सके। शहर की आर्थिक मजबूती के लिए राजस्व आय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को क्रेडिट सुविधा से जोड़ने पर बल दिया गया, जिससे अधिक से अधिक छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके।
बैठक में सभी वार्डों में नियमित और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, समयबद्ध सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अमानक पॉलिथिन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। हरित छिन्दवाड़ा के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए लक्ष्य अनुसार गड्ढे तैयार कर छायादार एवं फलदार पौधों का व्यापक पौधरोपण करने की योजना पर जोर दिया गया। साथ ही श्रमयोगी मानधन योजना के माध्यम से पात्र लाडली बहनों को पेंशन सुरक्षा से जोड़ने तथा आवारा पशुओं के बेहतर प्रबंधन के निर्देश भी दिए गए।