रोगी कल्याण समिति के फंड से होगा जीएसटी का भुगतान
छिंदवाड़ा
18-Jun-26
रोगी कल्याण समिति की बैठक में निर्णय
छिन्दवाडा
कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में गुरुवार को जिला चिकित्सालय रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी सभा की बैठक की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय पर लंबित जीएसटी के भुगतान के लिए रोगी कल्याण समिति से राशि व्यय करने की स्वीकृति प्रदान की गई यानि जिस फंड का उपयोग रोगियों के कल्याण के लिए होना चाहिए था उस फंड से अब अस्पताल प्रबंधन जीएसटी का भुगतान करेगा। इसके अतिरिक्त पुराने अस्पताल भवन के डिस्मेंटल होने के बाद विभिन्न विभागों के स्थानांतरण कार्य में होने वाले व्यय के लिए लगभग 50 हजार रुपये तक की राशि खर्च करने को भी समिति ने मंजूरी प्रदान की।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया। समिति द्वारा 1 दिसंबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक की आय-व्यय विवरणी का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में वर्तमान में संचालित आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से मेमोग्राफी मशीन का संचालन कराने का निर्णय लिया गया। मैमोग्राफी की सेवा लिए जाने के लिए आयुष्मान एवं बीपीएल मरीजों से 800 रुपये तथा एपीएल एवं निजी मरीजों से 1500 रुपये शुल्क निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य विभाग डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश गोन्नाडे, सिविल सर्जन डॉ. सुशील कुमार दुबे, आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कुडापे, नोडल अधिकारी आर.के.एस. डॉ. उदय पराडकर, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।