Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

19 और 20 जून को छिंदवाड़ा एवं चौरई में जुटेंगे किसान

19 और 20 जून को छिंदवाड़ा एवं चौरई में जुटेंगे किसान
कृषि जगत
18-Jun-26

प्राकृतिक खेती अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों का होगा सम्मान

छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के तत्वावधान में जिले में दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 19 एवं 20 जून 2026 को क्रमशः छिंदवाड़ा और चौरई में आयोजित होगी। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों से अवगत कराना, कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय बताना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला के प्रथम दिवस, 19 जून (शुक्रवार) को दोपहर 12 बजे से कृषि विज्ञान केंद्र, चंदनगांव, छिंदवाड़ा में कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं द्वितीय दिवस, 20 जून (शनिवार) को दोपहर 12 बजे से अन्नपूर्णा लॉन, बाईपास रोड, चौरई में कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

इस गरिमामयी आयोजन में सांसद विवेक बंटी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह, नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके, प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष राजेश पवार एवं विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहकर किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।

कार्यशाला के दौरान प्राकृतिक खेती की उपयोगिता, जैविक संसाधनों के प्रयोग, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त करने के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही जिले के उन प्रगतिशील किसानों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाकर अपने क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य किया है।

किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और पर्यावरण हितैषी बनाने के इस अभियान का हिस्सा बनें।

Share News On