अक्षत स्मृति साहित्य-वाटिका का लोकार्पण कार्यक्रम में किया जनसेवियों का सम्मान
छिंदवाड़ा
29-Jun-26
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा अक्षत स्मृति साहित्य-वाटिका आने वाली पीढ़ियों को साहित्य, संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ने का बनेगी महत्वपूर्ण माध्यम
सांसद ने की वाटिका में कक्ष निर्माण की घोषणा
छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब अक्षत स्मृति साहित्य-वाटिका का लोकार्पण एवं जनसेवी सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सिविल लाइन पार्क स्थित इस साहित्य-वाटिका का लोकार्पण सुप्रसिद्ध साहित्यकार स्वर्गीय केशरी चंद चंदेल अक्षत की पुण्य स्मृति को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य समाज की आत्मा है और साहित्यकारों के सम्मान तथा उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने की यह पहल अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि अक्षत स्मृति साहित्य-वाटिका आने वाली पीढ़ियों को साहित्य, संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर विक्रम अहके ने कहा कि छिंदवाड़ा को साहित्यिक पहचान दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इस साहित्य-वाटिका को शहरवासियों को समर्पित करते हुए इसके संरक्षण एवं साहित्यिक गतिविधियों के नियमित आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में भाजपा जिला महामंत्री विजय पाण्डे, श्रीमती सरिता चिंटू काले की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।
छह संस्थाओं को जनसेवी सम्मान से किया गया सम्मानित
इस अवसर पर समाज एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान करने वाली छह संस्थाओं को जनसेवी सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित संस्थाओं में श्री रामलीला मंडल (छिंदवाड़ा), नटनी माई क्षेत्रीय सेवा समिति (अमरवाड़ा), रुद्र परिवार सेवा समिति (छिंदवाड़ा), वाहेगुरु फाउंडेशन (पांढुर्णा), राम नाम सेवा समिति (छिंदवाड़ा) तथा कल्पवृक्ष फाउंडेशन (छिंदवाड़ा) शामिल रहीं।
प्रमुखजनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया। उपस्थित सभी अतिथियों ने साहित्य-वाटिका का अवलोकन कर इसे छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक धरोहर बताया। समारोह के सफल आयोजन पर अक्षत सम्मान समारोह समिति छिंदवाड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।