इस्कॉन में जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा एवं आम्र महा महोत्सव मना
धर्म
29-Jun-26
छिंदवाड़ा
गांधीगंज स्थित इस्कॉन छिंदवाड़ा में सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव, श्रीमती सुभद्रा महारानी एवं श्री सुदर्शन चक्र का भव्य श्री जगन्नाथ स्नान पूर्णिमा एवं आम्र महा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान के दिव्य महाभिषेक, दर्शन एवं महाप्रसाद का लाभ प्राप्त किया।
इस्कॉन छिंदवाड़ा के इंचार्ज ब्रह्मचारी श्रीमान सुमंगल माधव दास ने बताया कि इस वर्ष भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा महारानी एवं सुदर्शन चक्र के नवीन विग्रहों को श्री पुरुषोत्तम क्षेत्र जगन्नाथ पुरी धाम से विशेष वाहन द्वारा लाया गया था। स्नान पूर्णिमा के शुभ अवसर पर इन विग्रहों का प्रथम सार्वजनिक दर्शन कराया गया, जिससे समस्त श्रद्धालु अत्यंत आनंदित एवं भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मंगल आरती से हुआ। तत्पश्चात पांडु विजय उत्सव के साथ भगवान को भव्य शोभायात्रा स्वरूप स्नान वेदी पर विराजमान कराया गया। इसके बाद पंचगव्य, विभिन्न प्रकार के फलों के रस, दूध, दही, घी, शहद, सुगंधित जल एवं अन्य दिव्य द्रव्यों से भगवान का महाभिषेक वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हरिनाम संकीर्तन के मध्य संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी अपने करकमलों से भगवान का अभिषेक कर इस दुर्लभ सेवा का लाभ प्राप्त किया।
महाभिषेक के उपरांत भगवान को 108 प्रकार के विशेष भोग अर्पित किए गए। दोपहर में भगवान के अत्यंत मनोहारी गजवेश के दर्शन कराए गए, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके पश्चात भव्य महाआरती संपन्न हुई तथा सभी उपस्थित भक्तों एवं नगरवासियों को भगवान का महाप्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन, भक्ति गीतों एवं ष्जय जगन्नाथष् के जयघोष से गुंजायमान रहा। भक्तों ने इस आयोजन को अत्यंत दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक बताते हुए भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा प्राप्त होने का अनुभव व्यक्त किया।
प्रभुजी ने बताया कि स्नान पूर्णिमा के पश्चात भगवान श्री जगन्नाथ अनावसर (विश्राम काल) में रहेंगे और रथयात्रा तक उनके दर्शन नहीं होंगे। इसके उपरांत 16 जुलाई को भगवान नवीन रथ पर आरूढ़ होकर भव्य नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे, जिसमें श्रद्धालु भगवान के रथ की रस्सी खींचकर उनकी असीम कृपा प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे।
इस्कॉन छिंदवाड़ा ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, सेवकों, दानदाताओं एवं नगरवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।