Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने ली वृद्धाश्रम की सुध

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने ली वृद्धाश्रम की सुध
छिंदवाड़ा
26-Jul-25
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को उनके अधिकार दिलाने किया प्रेरित

छिंदवाड़ा

यदि आपके बच्चों ने आपको जबरदस्ती घर से निकाल दिया है और आपके भौतिक संसाधनों सहित आपकी धन दौलत को धोखे से या जबरदस्ती अपने कब्जे में रख लिया है और आप अपने बच्चों से वह सब वापस पाना चाहते हैं या उनसे भरण पोषण चाहते हैं तो हम आपकी पूरी मदद करेंगे। यह बात गौधुली वृद्धाश्रम में आयोजित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने कही।


गौधुलि वृध्दाश्रम छिंदवाड़ा में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से मिलने आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा सुशांत हुद्दार पहुंचे। वृद्धाश्रम में आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता के माध्यम से वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली एवं समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को उनके भरण-पोषण कानून के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिनके पुत्र एवं पुत्रियों ने उन्हें बेसहारा छोड़ दिया है, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल एवं भरण-पोषण कानून के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान कर उन्हें भरण-पोषण दिलाया जा सकता है। इसके लिए आप लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता योजना का लाभ ले सकते हैं। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राकेश सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय खोबरागड़े, नगर निगम स्टॉफ एवं वरिष्ठ नागरिकजन उपस्थित थे।
Share News On