एक माह के अंदर लगेंगे शहर में नए ट्रेफिक सिग्नल
छिंदवाड़ा
26-Jul-25
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए अनेक निर्णय
छिंदवाड़ा
शहरवासियों के अच्छी खबर है कि एक माह के अंदर जेल तिराहा, सत्कार तिराहा एवं यातायात चौक के पुराने ट्रेफिक सिग्नल हटाकर नए सिग्नल लगाए जाएंगे। नगर निगम को यह काम एक माह के अंदर करना है। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक का आयोजन शनिवार 26 जुलाई को किया गया। बैठक की अध्यक्षत अपर कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि:
शहरवासियों के अच्छी खबर है कि एक माह के अंदर जेल तिराहा, सत्कार तिराहा एवं यातायात चौक के पुराने ट्रेफिक सिग्नल हटाकर नए सिग्नल लगाए जाएंगे। नगर निगम को यह काम एक माह के अंदर करना है। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक का आयोजन शनिवार 26 जुलाई को किया गया। बैठक की अध्यक्षत अपर कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि:

छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग के भरे जाएंगे गड्ढे
बैठक में सबसे पहले छिंदवाड़ा-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को लेकर चिंता जताई गई। दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए इन गड्ढों को आगामी 10 दिनों में दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सावरी पुलिस चौकी के पास मुख्य मार्ग तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने मार्ग पर रंबल स्ट्रिप्स और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे
वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए निर्मल पब्लिक स्कूल, देव होटल (खजरी फ्लाईओवर), खूनझिर जंक्शन, इमलीखेड़ा, कलेक्ट्रेट चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर स्पीड रंबल स्ट्रिप बनाए जाएंगे। इसके साथ ही आगामी बैठकों में संख्यात्मक चलानी कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया है।
राहगीर योजना का होगा प्रचार-प्रसार
बैठक में राहगीर योजना तथा नगदी रहित उपचार योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई गई। इस हेतु सार्वजनिक स्थलों पर फ्लेक्स लगाए जाएंगे। वहीं पिछले तीन माह में एक ही स्थल पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं की संयुक्त समीक्षा हेतु संबंधित कार्यपालक दंडाधिकारी, सड़क एजेंसी, ट्रैफिक पुलिस एवं थाना प्रभारी को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
आवारा पशुओं पर लगेंगे रेडियम टेप
आवारा पशुओं की समस्या पर भी बैठक में गंभीरता दिखाई गई। उनके सींगों में रेडियम टेप लगाने एवं निकटतम गौशालाओं में उन्हें भेजने की सतत कार्रवाई संबंधित निकाय/जनपद द्वारा की जाएगी। पशुपालन विभाग द्वारा गौशालाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
लगेंगे नए यातायात सिग्नल
यातायात नियंत्रण हेतु जेल तिराहा, सत्कार तिराहा एवं यातायात चौक पर पुराने ट्रैफिक सिग्नल हटाकर नगर निगम द्वारा एक माह के भीतर नए सिग्नल लगाए जाएंगे। वहीं सभी प्रमुख सड़कों से जुड़ने वाले मार्गों पर चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की योजना तैयार कर निर्माण एजेंसियों को कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क सुरक्षा नियमों को प्रभावी बनाने हेतु बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई करने तथा आगामी बैठक में पंपों की संख्या संबंधित जानकारी सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं सड़क सुरक्षा समिति सचिव, नगर निगम कमिश्नर, ट्रैफिक पुलिस, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, एनएचएआई, खाद्य आपूर्ति विभाग, आरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।