Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

अमरवाड़ा व धनोरा में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान की तैयारी

अमरवाड़ा व धनोरा में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान की तैयारी
राजनीति
01-Jun-26
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला सिसोदिया ने की बैठक

छिन्दवाड़ा

अमरवाड़ा महिला ब्लॉक कांग्रेस एवं धनौरा महिला कांग्रेस की आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित दोनों ही बैठकों में संगठन विस्तार पर जोर दिया गया। आगामी समय में महिला कांग्रेस के द्वारा चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। उपस्थित महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए जिन पर परिस्थिति अनुसार अमल करने पर सार्थक चर्चा भी हुई।

आयोजित दोनों ही बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने महिला कांग्रेस को अमरवाड़ा के गांव-गांव, मंजरे व टोलों तक पहुंचाने के लिए सभी से एकजुटता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने उपस्थित महिला कांग्रेस की नेत्रियों से कहा कि अमरवाड़ा और धनौरा के हर घर से कम से कम एक महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता होनी चाहिए। इसके लिए स्थाई महिला नेत्रियों को घरों से निकलकर सदस्यता अभियान को पूरी ताकत व जिम्मेदारी के साथ चलाना होगा। उन्होंने उपस्थितों को आश्वस्त किया कि जहां भी उनकी आवश्यकता होगी वे उपस्थित होंगी या फिर मार्गदर्शन करेगी। किन्तु स्थानीय स्तर पर कार्य करने की जिम्मेदारी ब्लॉक महिला कांग्रेस, क्षेत्रीय महिला कांग्रेस व बूथ की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता की है, क्योंकि स्थानीय सम्पर्क यहां के लोगों का मजबूत होगा। जिला स्तर से जो भी मार्गदर्शन व मदद की आवश्यकता होगी यथासंभव मदद करने के लिए वे तैयार है।

अमरवाड़ा व धनौरा महिला कांग्रेस की उपस्थित नेत्रियों ने आश्वस्त किया कि जल्द ही वे सदस्यता अभियान को लेकर मैदान में उतर जाएंगी और जिसके मंशानुरूप परिणाम भी सामने आएंगे। आयोजित बैठक में जिला महिला कांग्रेस की प्रभारी मंजू बैस, रानू डेहरिया, गीता विश्वकर्मा, जामवती सिंगोतिया, सुशीला शर्मा, सुशीला मारपे, हेमराज सिंगोतिया व रामनाथ धुर्वे सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
Share News On