कांग्रेस की बनाई सुविधाएं भी नहीं संभाल पा रही भाजपा: नितिन उपाध्याय
राजनीति
01-Jun-26
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस सरकार में बनाई गई सुविधाएं भी जो ना संभाल पाए उससे विकास की क्या उम्मीद कर सकते हैं। उक्त उदगार जिला कांग्रेस के प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने पेयजल सप्लाई प्रभावित होने पर व्यक्त किए। उन्होंने ग्रैविटी पाइप लाइन की मरम्मत के नाम पर आम नागरिकों को प्यासा रखे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेयजल प्रदान करने में असफल नगर सरकार ग्रैविटी पाइप लान सुधार के नाम पर जनता को और प्यासा रखने की मंशा साफ नजर आ रही है।
जारी बयान में उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता सिर्फ विकास का ढोल पीटते है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी जब तत्कालीन सांसद कमलनाथ के प्रयासों से आज से लगभग 39 वर्ष पूर्व छिंदवाड़ा की जनता को पर्याप्त पानी मिल सके ग्रैविटी पाइप लाइन बिछाई गई जिसके कारण छिंदवाड़ा की जनता प्यासी नहीं रही। ग्रैविटी पाइप लाइन का रख रखाव भी ये भाजपा के नेता नहीं कर पा रहे, युवा बेरोजगार है,किसान परेशान है महिलाएं सुरक्षित नहीं है, महगाई आसमान पर है छिंदवाड़ा की जनता पानी को तरस रही है और भाजपा के नेता और सरकार कुम्बकर्णीय नींद में सो रही है जनता ने इनकी विदाई का मन बना लिया है।