पुलिस ने 501 गुम मोबाइल लौटाए, चेहरों पर लौटी मुस्कान
छिंदवाड़ा
12-Aug-26
रक्षाबंधन से पहले छिंदवाड़ा पुलिस का तोहफा,

छिंदवाड़ा
रक्षाबंधन के पर्व से पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने जिले के नागरिकों को बड़ी राहत दी है। जिला साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए गुम हुए 501 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 6 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। इनमें कई बहनें भी शामिल थीं, जिन्हें रक्षाबंधन से पहले उनका खोया मोबाइल वापस मिला।
तकनीकी विश्लेषण से तलाशे मोबाइल
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के आदेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में साइबर सेल ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू की थी। टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अलग-अलग स्थानों से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल अलग-अलग वर्ग के लोगों के थे। इनमें शासकीय कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, निजी कर्मचारी, बैंककर्मी, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, सेना के जवान, व्यापारी, दुकानदार, विद्यार्थी, ऑटो एवं ट्रैक्टर चालक, श्रमिक, गृहिणी और किसान शामिल हैं।
पहले भी पुलिस कर चुकी है ऐसी कार्रवाई
छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा गुम मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी साइबर सेल ने तकनीकी संसाधनों की मदद से बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर नागरिकों को लौटाए हैं। इस बार 501 मोबाइल की बरामदगी को साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम बताया गया है।
साइबर सेल टीम को मिलेगा पुरस्कार
मोबाइल फोन बरामद करने में साइबर सेल के आर. आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा और मोहित चन्द्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। रक्षाबंधन से पहले गुम मोबाइल वापस मिलने से नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ा है। कई लोगों के लिए यह कार्रवाई त्योहार से पहले पुलिस की ओर से मिले अनमोल उपहार जैसी रही।