पुलिस ने भाजपा के गुंडों को संरक्षण देकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बरसाई लाठियां- ओकटे
छिंदवाड़ा
22-Feb-26
विरोध में कांग्रेस ने कोतवाली थाना का घेराव कर पुलिस के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
छिन्दवाड़ा
पुलिस का दोगला चेहरा एक बार फिर सामने आया है। भाजपा के गुंडों को संरक्षण देकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाने वाली पुलिस वर्दी का मान भूल चुकी। सत्य व निष्ठा की शपथ अब शब्दों तक सीमित रह गई, क्योंकि वह भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही। पुलिस की सुरक्षा व संरक्षण में भाजपा के गुंडें तीन बैरिकेट्स पार कर कांग्रेस कार्यालय के सामने तक पहुंचे। उन्हें रोकने की बजाए पूरे पुलिसकर्मियों ने सुनियोजित ढंग से कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ लाठियां बरसाई जिससे कई कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण गम्भीर रूप से घायल हुए। विरोध में कांग्रेस ने कोतवाली थाना का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा में खड़े कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने सोची समझी साजिश के तहत जानलेवा हमला किया, ताकि कार्यालय को असुरक्षित छोड़कर भाग जाए और भाजपा के गुंडे अपनी मनमानी करते हुए पूरी गुंडाई के साथ प्रदेश के अन्य कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की है उसी तरह छिन्दवाड़ा के कार्यालय में भी कर सके लेकिन कांग्रेस के निष्ठावान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा और भाजपा की पुलिस के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। श्री ओकटे ने कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाकर अपने कार्यालय की सुरक्षा की और गांधीवादी विचाराधारा का परिचय दिया, किन्तु पुलिस ने अपनी वर्दी को कलंकित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आती जाती रहेगी, लेकिन पुलिस को किसी भी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बनकर काम नहीं करना चाहिए।
श्री ओकटे ने कहा कि कांग्रेस गांधी के विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। लेकिन जब बात स्वयं के घर और परिवार के सदस्यों पर आती है तो हम नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की भाषा में जवाब देना भी जानते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस ने जो बर्ताव किया है वह बेहद घटिया और निंदनीय है इसका जवाब कांग्रेस पूरी ताकत के साथ भाजपा को भी देगी और पुलिस को भी जो भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। कांग्रेस कार्यालय की सुरक्षा में कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।