Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिले के 11 स्थान और 13 अपराधियों पर पुलिस की विशेष निगरानी

जिले के 11 स्थान और 13 अपराधियों पर पुलिस की विशेष निगरानी
छिंदवाड़ा
02-Jul-26
21.72 लाख से अधिक के नशीले पदार्थ पुलिस ने किए जप्त

छिंदवाड़ा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में विगत दिवस कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोर्डिनेशन (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, जेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी, नगर निगम, सामाजिक न्याय, जिला नशामुक्ति सह पुनर्वास केंद्र, जनसंपर्क, जीएसटी, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान तथा विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

 बैठक में पुलिस विभाग ने बताया कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों से 21 किलो 162 ग्राम गांजा तथा 194 किलो 500 ग्राम अफीम डोंडा के पौधे, कुल कीमत 21.73 लाख रुपये के मादक पदार्थ जप्त किए गए हैं। जिले के 11 स्थानों को हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित कर निगरानी की जा रही है तथा 13 आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके डोजियर तैयार किए जा रहे हैं। जिले में एनडीपीएस एक्ट के कुल 22 प्रकरणों में 4 जुलाई 2026 को 79 किलो 736 ग्राम गांजा एवं 26 किलो 394 ग्राम अफीम के पौधों के नष्टीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के 17 शासकीय शैक्षणिक संस्थानों को शिक्षा विभाग की मदद से ड्रग फ्री जोन के रूप में लागू किया गया है।             

निदान पोर्टल पर जिले के कुल 209 एनडीपीएस एक्ट के अपराधियों का डेटा उपलब्ध है, जिन पर लगातार नज़र रखी जाकर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री नारायन ने पुलिस विभाग को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर क्षेत्र को ड्रग फ्री जोन बनाने तथा विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि उमंग योजना के अंतर्गत शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है तथा विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर शपथ दिलाई गई है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जानकारी दी कि नशा छोड़ चुके लोगों की सक्सेस स्टोरी तैयार कर प्रचारित की जा रही है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर भी जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
Share News On