दामिनी एप से मिलेगी बिजली गिरने की पूर्व सूचना
छिंदवाड़ा
02-Jul-26
मानसून पूर्व तैयारियों की कलेक्टर श्री नारायन ने की समीक्षा
अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति पर अधिकारियों से किया विचार विमर्श
छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए संभावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति में प्रभावी ढंग से प्रबंधन के लिए संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों और सभी एसडीएम की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों और फील्ड के अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुल-पुलियों और रपटों पर रहेगी निगरानी
कलेक्टर श्री नारायन ने लोक निर्माण विभाग एवं सड़क संबंधी विभागों को जिले के पुल, पुलियों एवं रपटों का निरीक्षण कर तेज बहाव और ओवर फ्लो की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था के समुचित इंतजाम अभी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे सभी स्थानों पर ड्रॉप गेट, चेतावनी बोर्ड लगाने और नामजद कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के लिए एसडीएम, तहसीलदारों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि की स्थिति में जलभराव वाले क्षेत्रों एवं रपटों पर आवागमन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा संकेतक एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को फील्ड में सक्रिय रहकर निगरानी रखने और हर घटना की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए।
दामिनी एप से मिलेगी बिजली गिरने की जानकारी
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मोबाइल ऐप दामिनी समय पूर्व बिजली गिरने की जानकारी दे देता है। बिजली संभावित क्षेत्रों यथा अमरवाड़ा, हर्रई, तामिया और जुन्नारदेव में इस ऐप के उपयोग के प्रति सभी ग्रामीणों को जागरूक करें। इससे कई लोगों की जाने बचाई जा सकती हैं। सभी कोटवारों को भी यह ऐप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करवाएं, ताकि क्षेत्र में बिजली गिरनी को चेतावनी मिलने पर वे तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दे सकें।
पानी की गुणवत्ता बनाए रखने करने होंगे प्रयास
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को सभी पेयजल स्रोतों की नियमित जांच, जल गुणवत्ता बनाए रखने तथा आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को जलजनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता, एंटी वेनम की उपलब्धता चिकित्सा दलों की तैयारी तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी वर्षाकाल में पहुंच विहीन ग्रामों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित कराएं।
विद्युत मंडल को अपनी टीमें तैनात करने, पशुपालन विभाग को वर्षाकाल के दौरान पशुओं के मुख्य मार्गों में आने से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए समुचित प्रबंधन करने, वन विभाग को झरनों और घाटों की सभी 11 साइट पर सुरक्षा के लिए टीमें तैनात करने और संपर्क व्यक्तियों की सूची साझा करने, नगरीय निकायों को नालों की सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण करने और कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रखने आदि के निर्देश दिए।
राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश
बैठक में बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी करने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना के अनुरूप समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित पुलिस, वन, होम गार्ड्स, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर निगम, सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं मुख्यालय के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, सभी एसडीएम वीसी से जुड़े थे।सभी विभागों को सतर्क एवं समन्वित कार्यवाही के निर्देश दिए बिजली गिरने की पूर्व सूचना के लिए सभी से मोबाइल ऐप दामिनी डाउनलोड करने की अपील की है।