पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
छिंदवाड़ा
07-Aug-26
विद्यार्थियों ने ली जैव विविधता बचाने की शपथ

छिंदवाड़ा
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के उद्देश्य से कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति ने शासकीय हाई स्कूल खुटिया में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को जैव विविधता संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रवीण डबली, समाजसेवी मनोज ठाकुर और कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति के संयोजक श्यामल राव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्राचार्य प्रवीण डबली ने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी गई है, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यवहारिक जागरूकता विकसित हो सके।
संयोजक श्यामल राव ने कहा कि यदि पर्यावरण को सुरक्षित रखना है तो प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और खेतों की मेड़ों पर कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। समाजसेवी मनोज ठाकुर ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब सभी लोग लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लें। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को जैव विविधता संरक्षण की शपथ दिलाई गई। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक रामकुमार पाटिल, सुनील यादव, रश्मि सोनी, धनराज सातनकर, रायवती उईके, अनीता वर्मा, श्रीराम पाल एवं नंदेश्वर वर्मा का उल्लेखनीय सहयोग रहा।