पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 25 एवं 26 मई को
छिंदवाड़ा
23-May-26
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल एवं राष्ट्रीय महामंत्री अग्रवाल करेंगे संबोधित
छिंदवाड़ा
भाजपा को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं वैचारिक रूप से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 25 एवं 26 मई को किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक कार्यपद्धति, विचारधारा एवं जनसेवा आधारित विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर के भाजपा पदाधिकारी सहभागी होंगे। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से दक्ष बनाना एवं भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा एवं कार्यसंस्कृति से और अधिक मजबूती से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस 25 मई को भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करेंगे। अपने उद्बोधन में वे संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण एवं संगठनात्मक दायित्वों को लेकर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। वहीं प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस 26 मई को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राधामोहन दास अग्रवाल प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करेंगे। वे कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, सेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका विषय पर मार्गदर्शन देंगे।
भाजपा जिला महामंत्री एवं प्रशिक्षण वर्ग जिला संयोजक कमलेश उईके ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग दायित्व निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित एवं अपेक्षित पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने का आग्रह किया है।