विद्याभूमि में चित्रकारों ने उकेरे देशभक्ति के रंग
शिक्षा
12-Aug-26
3000 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

छिंदवाड़ा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराने और विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष के उत्सव के तृतीय चरण और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय परिसर के करीब 3000 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’, स्वदेशी भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 जैसे विषयों पर निबंध एवं चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और देशभक्ति की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। रंगों से सजे चित्रों में तिरंगा, भारत माता, सैनिकों और राष्ट्रप्रेम से जुड़े विभिन्न संदेशों को प्रमुखता से उकेरा गया।
घर-घर तिरंगा फहराने का दिया संदेश
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना भी रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजकों ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ उत्सव के तहत विद्यालय में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में देशप्रेम तथा भारतीय सेना के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव एवं प्राचार्य ने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।