हरियाली अमावस्या पर महिला कांग्रेस सेवादल ने किया वृक्षारोपण
राजनीति
12-Aug-26
छिंदवाड़ा

हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर जिला महिला कांग्रेस सेवादल द्वारा वार्ड क्रमांक 38, पठाढाना के चंदन नगर क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्कार वैली पब्लिक स्कूल के पास आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।
जिला महिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष ने बताया कि संगठन विस्तार को लेकर दक्षिण उपब्लॉक के सन्नो कुमरे के निवास स्थान पर बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में चंदन गांव क्षेत्र की अध्यक्ष पूजा विश्वकर्मा ने महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने का आह्वान किया।
जुन्नारदेव विधानसभा प्रभारी सीमा शुक्ला ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी महिलाओं को दी। वहीं परासिया विधानसभा प्रभारी सिंधु यादव ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए महिलाओं से जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 38 की अध्यक्ष सेरमसैला उइके, उपाध्यक्ष गीता बरखाने एवं सचिव सरिता बेलवंशी को नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में सरिता डोलेकर, सावित्री बांगाते, शांति उइके, जयंती गोनेकर, नंदिनी गोनेकर, मोनिका इवनाती सहित महिला कांग्रेस सेवादल की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में रवीना कोचे ने सभी का आभार व्यक्त किया। महिला कांग्रेस सेवादल द्वारा हरियाली अमावस्या के अवसर पर वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।