पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन 25 जुलाई तक
छिंदवाड़ा
19-Jul-26
अगस्त को एक्सीलेंस स्कूल में होगी पर्यटन क्विज-2026

छिन्दवाडा
मध्यप्रदेश के समृद्ध इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की संभावनाओं से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन क्विज-2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यालय 25 जुलाई को शाम 5.30 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
यह प्रतियोगिता 7 अगस्त (शुक्रवार) को शहर के एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन, स्कूली शिक्षा विभाग एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन व संस्कृति परिषद के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के विद्यार्थी शामिल होंगे।
दो चरणों में होगी प्रतियोगिता
जिला स्तरीय प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी, जिसके आधार पर चयनित शीर्ष 6 टीमों के बीच दूसरे चरण में ऑडियो-विजुअल/मल्टीमीडिया आधारित क्विज आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
विजेता टीमों को मिलेगा पर्यटन भ्रमण का पुरस्कार
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन दिया जाएगा। वहीं, अगली तीन उपविजेता टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। इन कूपनों के अंतर्गत विद्यार्थियों के आने-जाने, आवास, भोजन एवं स्थानीय भ्रमण का संपूर्ण व्यय मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके।