आषाढ़ी एकादशी पर तिरोले कुनबी समाज करेगा हरिनाम कीर्तन
छिंदवाड़ा
19-Jul-26
छिंदवाड़ा

तिरोले कुनबी समाज द्वारा आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर 25 जुलाई (शनिवार) को चंदनगांव स्थित समाज भवन में भव्य हरिनाम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को समाज भवन में समाज के अध्यक्ष चंद्रभान देवरे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में तय किया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे भगवान विट्ठल-रुक्मिणी के विधिवत पूजन से होगी। इसके बाद समाज के विभिन्न भजन एवं कीर्तन मंडलों द्वारा हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12 बजे दही-लाही वितरण एवं महाप्रसाद के साथ होगा।
समाज के मीडिया प्रभारी चंद्रभान अवारे ने बताया कि इस वर्ष आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला भजन मंडलों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इससे समाज की मातृशक्ति को अपनी भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा और आयोजन अधिक भव्य एवं प्रेरणादायी बनेगा।
बैठक में समाज के अध्यक्ष चंद्रभान देवरे ने समाज के सभी सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक संगठन एवं युवा संगठन के सदस्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि आषाढ़ी एकादशी का यह आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा। समाज पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।