हर्रई में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया शुरू
नौकरियां
30-Jun-26
छिन्दवाडा
संचालनालय महिला एवं बाल विकास म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार परियोजना हर्रई, जिला छिंदवाड़ा अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिये ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी रत्नेश कुमार वैद्य ने जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना हर्रई में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 7 पद तथा आंगनबाड़ी सहायिका के 7 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए आवेदन एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की अवधि 1 जुलाई 2026 से 13 जुलाई 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि प्राप्त आवेदनों में संशोधन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 रहेगी। नियुक्ति के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे तथा ऑफलाइन आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन नियुक्ति से संबंधित सभी नियम, निर्देश, शर्तें, आवेदन का प्रारूप, शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक अर्हताओं की विस्तृत जानकारी चयन पोर्टल पर उपलब्ध है। रिक्त पदों की जानकारी संबंधित विकासखंड के परियोजना कार्यालय हर्रई से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। यह जानकारी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत, नगर परिषद, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय तथा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय अमरवाड़ा के सूचना पटल पर भी उपलब्ध कराई गई है। परियोजना अधिकारी श्री वैद्य ने जिन ग्रामों में पद रिक्त हैं, वहां की पात्र महिला आवेदिकाओं से अपील की है कि वे संबंधित रिक्त पदों के लिए अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन करें।