शिक्षकों ने सीखी गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीक
शिक्षा
30-Jun-26
विज्ञान प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न,
छिन्दवाडा
कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा विज्ञान विषय के प्रायोगिक शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश एवं समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में 29 जून से 1 जुलाई 2026 तक शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलाश नगर छिंदवाड़ा में विज्ञान विषय की त्रिदिवसीय प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में छिंदवाड़ा डाइट प्राचार्य श्री पांडवा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण की नोडल अधिकारी श्रीमती मनीषा मिश्रा रहीं। श्री हर्षित चाँद ने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को प्रशिक्षण के उद्देश्य, अपेक्षित अधिगम परिणाम एवं कक्षा शिक्षण में प्रयोगात्मक विधियों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान विज्ञान विषय के विभिन्न प्रायोगिक पहलुओं, प्रयोगशाला गतिविधियों, नवाचार आधारित शिक्षण विधियों, विज्ञान मॉडल एवं प्रयोगों के प्रभावी प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने संबंधी विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रतिभागी शिक्षकों को प्रयोगशाला उपकरणों के उपयोग, प्रायोगिक मूल्यांकन एवं गतिविधि आधारित शिक्षण की नवीन तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री राकेश डेहरिया, सुश्री जिया कुरैशी, श्री अभिनव श्रीवास्तव, श्री विवेक कराड़े एवं श्रीमती रेखा वर्मा ने किया। उन्होंने विज्ञान विषय को रोचक, गतिविधि आधारित एवं प्रयोगात्मक तरीके से पढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागी शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यालयों में विज्ञान शिक्षण अधिक प्रभावशाली होगा तथा विद्यार्थियों की प्रायोगिक समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सीखने के परिणामों में सकारात्मक सुधार आएगा। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का विद्यालयों में प्रभावी उपयोग करते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं प्रयोगात्मक अधिगम को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।