चांद में बसंत पंचमी पर माँ सरस्वती की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा कर निकाली कलश यात्रा
छिंदवाड़ा
23-Jan-26
छिंदवाड़ा/चांद
चाँद स्थित पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी माँ सरस्वती की मूर्ति की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर विद्यालय के शाला परिवार द्वारा पूर्व से ही स्कूल परिसर में मंदिर का निर्माण कराया गया था। माँ सरस्वती की भव्य मूर्ति भेड़ाघाट, जबलपुर से लाई गई थी।

बसंत पंचमी से एक दिन पूर्व विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं एवं छात्राओं द्वारा मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बसंत पंचमी के दिन प्रातःकाल से ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने माँ सरस्वती की मूर्ति को रथ में विराजमान कर भजन-कीर्तन ढोल नगाड़ों से झूमते गाते हुए नगर भ्रमण कराया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
नगर भ्रमण के उपरांत पंडितों द्वारा विधि-विधान से विद्यालय परिसर में निर्मित मंदिर में माँ सरस्वती की मूर्ति की स्थापना की गई। हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर शाला परिवार द्वारा भोजन-प्रसाद की भी उत्तम व्यवस्था की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। आयोजन की सफलता में विद्यालय परिवार, छात्राओं का सराहनीय सहयोग रहा।