सांदीपनि विद्यालय गुरैया एवं परासिया का अधिकारियों ने किया आकस्मिक निरीक्षण
छिंदवाड़ा
06-Aug-26
व्यावसायिक शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

छिन्दवाडा
कार्यालय संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय जबलपुर से आए संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी एवं संभागीय व्यावसायिक समन्वयक मनोज काशिव ने गुरुवार को सांदीपनि विद्यालय गुरैया एवं सांदीपनि विद्यालय परासिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय भवन, स्मार्ट कक्षाओं एवं अन्य नवीन अधोसंरचनाओं का अवलोकन करते हुए समस्त कक्षाओं का भ्रमण किया। इस दौरान शिक्षकों की डेली डायरी, लेसन प्लान, ई-अटेंडेंस, पाठ्यक्रम की प्रगति, ब्रिज कोर्स के संचालन तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न ट्रेडों की प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को प्रदान किए जा रहे व्यवहारिक कौशल का अवलोकन किया। इस अवसर पर व्यावसायिक प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुख गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव, रुचि एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की गई।
संयुक्त संचालक श्री सोनी ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा नई शिक्षा नीति का महत्वपूर्ण आधार है, जो विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं बल्कि रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल भी प्रदान करती है। उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित मूल्यांकन, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों की आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, कौशल आधारित शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा के प्रभावी मॉडल के रूप में स्थापित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सांदीपनि विद्यालय गुरैया के प्राचार्य ए.एच. खान तथा सांदीपनि विद्यालय परासिया के प्राचार्य अवधेश कुमार वर्मा सहित विद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं व्यावसायिक शिक्षा स्टाफ उपस्थित था।