न्यायोत्सव-2026 विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ
छिंदवाड़ा
27-Nov-26
विजेता प्रतिभागियों को बांटे गए पुरस्कार

छिन्दवाडा अपडेट
14 नवंबर से न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न विधिक जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा था। इसी क्रम में आयोजित विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार द्वारा रिबन काटकर किया गया। प्रदर्शनी के आयोजन के साथ ही न्यायोत्सव-2026 कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित फ्लेक्सी बैनर एवं बोर्ड प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में आयोजित निबंध, चित्रकला, क्विज, नारा लेखन एवं कहानी सुनाने जैसी प्रतियोगिताओं में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की ड्राइंग शीट एवं अन्य प्रतियोगिताओं की सामग्री भी प्रदर्शनी में शामिल की गई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार द्वारा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं न्यायालय में आए पक्षकारों ने भी विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश सुधीर मिश्रा, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विपेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, सामुदायिक मध्यस्थ, डिफेंस काउंसल, विभिन्न स्कूलों की प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर 20 घंटे का मध्यस्थता प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षित सामुदायिक मध्यस्थों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
उल्लेखनीय है कि न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत जेल, विद्यालय, महाविद्यालय एवं बाल गृह में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिशु गृह का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता शिविर भी लगाए गए। जनजागरूकता के उद्देश्य से मैराथन दौड़ एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों के बाद विधिक जागरूकता प्रदर्शनी के आयोजन के साथ न्यायोत्सव-2026 कार्यक्रम का समापन हुआ।