ई-विकास पोर्टल पर बुकिंग के माध्यम से मिल रही किसानों को खाद
कृषि जगत
27-Nov-26
छिंदवाड़ा जिले में यूरिया, डीएपी, एसएसपी एवं एनपीके का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
एक दिन में 1677 किसानों ने कराई सफल बुकिंग

छिन्दवाडा अपडेट
किसानों को समय पर, पारदर्शी एवं सुगम रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ई-विकास पोर्टल के माध्यम से उर्वरक ई-टोकन बुकिंग की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। पोर्टल के माध्यम से प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से किसानों के लिए उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पोर्टल पर प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से 10 बजे तक आईएफएमएस से प्राप्त स्टॉक को अपडेट किया जाता है। इसके बाद प्रातः 10 बजे से सभी विक्रय केंद्रों पर उर्वरकवार स्टॉक ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध करा दिया जाता है।
जिले में वर्तमान में कुल 19,785 मीट्रिक टन यूरिया, 6,868 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी, 20,934 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 14,963 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध है। उर्वरक ई-टोकन बुकिंग के तहत आज सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 431 किसानों, मार्कफेड गोदामों से 613 किसानों, निजी विक्रेताओं के माध्यम से 556 किसानों तथा एमपी एग्रो के माध्यम से 79 किसानों ने सफलतापूर्वक बुकिंग कराई। इस प्रकार कुल 1,677 किसानों द्वारा उर्वरक की बुकिंग की गई। वहीं, आज 1,931 किसानों द्वारा उर्वरक का उठाव भी कर लिया गया है।
जिले के सभी उर्वरक विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध स्टॉक के अनुसार ई-टोकन बुकिंग एवं उर्वरक उठाव की प्रक्रिया निरंतर जारी है। ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किसानों को उर्वरक वितरण की व्यवस्था पारदर्शी एवं सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसान ई-टोकन बुकिंग एवं उर्वरक स्टॉक की उपलब्धता की जानकारी के लिए ई-विकास पोर्टल https://evikas.mpkrishi.mp.gov.in का उपयोग कर सकते हैं।