Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शुक्रवार को भरदागढ़ में लगा कलेक्टर दरबार, सुनी लोगों की समस्याएं

शुक्रवार को भरदागढ़ में लगा कलेक्टर दरबार, सुनी लोगों की समस्याएं
छिंदवाड़ा
27-Nov-26
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के दिए निर्देश

छिन्दवाडा अपडेट

आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा शासकीय सेवाओं को अधिक सुगम एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत 16वें शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं जिला अधिकारियों की टीम के साथ विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत भरदागढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र जमकुंडा के बच्चों को दिए उपहार, देखी व्यवस्थाएं 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के साथ आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र जमकुंडा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों को दिए जा रहे पोषण एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली तथा बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान केंद्र में संचालित टीकाकरण गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। कलेक्टर ने बच्चों को उपहार स्वरूप ड्राइंग बुक एवं पेंसिल का बॉक्स प्रदान किया। इस दौरान एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री राजनंदिनी सिंह ठाकुर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

एवरीडे बेकरी की मालकिन रेखा साहू से ली जानकारी

कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय ने ग्राम सुकरी निवासी श्रीमती रेखा साहू द्वारा संचालित एवरीडे बेकरी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बेकरी में तैयार किए जा रहे टोस्ट, क्रीम रोल, रस्क, कुकीज एवं व्हाइट ब्रेड सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा इकाई की संचालन व्यवस्था एवं स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।  भ्रमण के दौरान बताया गया कि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत बेकरी इकाई के लिए 28.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर वितरित किया गया है। साथ ही योजना के प्रावधानों के अनुसार श्रीमती रेखा साहू को 9.25 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ है। श्रीमती रेखा साहू इस इकाई के संचालन से प्रतिमाह लगभग 1 लाख से 1.25 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रही हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बेकरी की उत्पादन गतिविधियों एवं स्वरोजगार के माध्यम से अर्जित की जा रही आय की जानकारी लेते हुए इकाई के कार्यों का अवलोकन किया।
 
जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

विभिन्न संस्थाओं के निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ग्राम पंचायत परिसर भरदागढ़ में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों द्वारा भूमि सीमांकन, जल जीवन मिशन, अवैध कब्जा हटाने, ट्रांसफार्मर लगाने, नल कनेक्शन उपलब्ध कराने, पाइपलाइन विस्तार एवं सड़क निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने आवेदकों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर प्रत्येक प्रकरण का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भौतिक रूप से प्राप्त आवेदनों पर भी कार्यवाही की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

बाकोड़ी के सचिव को कारण बताओ नोटिस

ग्राम पंचायत बाकोड़ी के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव के मुख्यालय पर निवास नहीं करने, शासकीय योजनाओं के उचित क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलने संबंधी शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा दो दिवस में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर निलंबन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पेयजल समस्याओं पर पंचायतवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

शिविर में विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर नल कनेक्शन उपलब्ध होने के बावजूद नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है तथा कुछ क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को जुन्नारदेव विकासखंड की समस्त ग्राम पंचायतों की पंचायतवार विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में निर्मित पानी की टंकियों की संख्या, वर्तमान में संचालित टंकियों तथा पेयजल की मौजूदा स्थिति की जानकारी संकलित कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि समस्याओं का प्रभावी निराकरण किया जा सके।

इस दौरान पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, जनपद पंचायत जुन्नारदेव अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री राजनंदिनी सिंह ठाकुर, एसडीओपी जुन्नारदेव सुश्री सोनम पटेल, सीईओ जनपद पंचायत सुश्री रश्मि चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


Share News On