Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने किया न्यायालय तहसीलदार उमरेठ का आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर ने किया न्यायालय तहसीलदार उमरेठ का  आकस्मिक निरीक्षण
छिंदवाड़ा
27-Nov-26
छिन्दवाडा अपडेट

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज विकासखण्ड परासिया अन्तर्गत न्यायालय तहसीलदार उमरेठ का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण एवं न्यायालयीन कार्यों की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पंजियों एवं रिकॉर्ड का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजी का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा इस लापरवाही पर शाखा प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में सामग्री के आवक-जावक का रिकॉर्ड, स्टॉक का सत्यापन एवं संबंधित पंजियों का नियमित अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर श्री नारायन ने सीमांकन सहित राजस्व न्यायालय से संबंधित कार्यों, प्रकरणों के निराकरण, अभिलेखों के रखरखाव एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि न्यायालयीन कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुरूप किए जाएं तथा आम नागरिकों से संबंधित राजस्व प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो। इस दौरान तहसीलदार सुश्री शोभना ठाकुर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
Share News On