Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जनगणना-2027 के प्रशिक्षण में डॉ. पी.एन. सनेसर बने ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी

जनगणना-2027 के प्रशिक्षण में डॉ. पी.एन. सनेसर बने ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी
शिक्षा
27-Nov-26
उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुकरणीय नेतृत्व एवं सक्रिय सहभागिता के लिए भोपाल में मिला सम्मान

पूर्व में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी हो चुके हैं सम्मानित

छिन्दवाडा अपडेट

प्रतिभा, समर्पण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता जब एक साथ मिलते हैं, तो सफलता की नई पहचान बनती है। इसी का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शासकीय पी.जी. कॉलेज छिंदवाड़ा के प्रोफेसर एवं नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. पी.एन. सनेसर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत आयोजित मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण में उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी’ का सम्मान दिया गया है।       

जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में 23 से 26 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश भर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल तकनीक, प्रश्नावली, प्रबंधन एवं मैदानी कार्य की बारीकियों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।       

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. पी.एन. सनेसर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुकरणीय नेतृत्व एवं सक्रिय सहभागिता से विशेष पहचान बनाई। उनकी कार्यक्षमता और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी के रूप में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 26 नवंबर 2026 को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त श्री प्रबल सिपाहा के मुख्य आतिथ्य में जनगणना कार्य निदेशालय मध्यप्रदेश के निदेशक श्री संजीव श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया।       

डॉ. सनेसर की यह उपलब्धि उनके निरंतर उत्कृष्ट कार्यों और समर्पण की एक और कड़ी है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष जनवरी माह में मतदाता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल द्वारा उन्हें राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान भी प्रदान किया जा चुका है। लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करना उनकी कार्यनिष्ठा और विशिष्ट योगदान को दर्शाता है।       

इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी छिंदवाड़ा हरेंद्र नारायन, जिला जनगणना अधिकारी पुष्पेंद्र निगम, शासकीय पी.जी. कॉलेज छिंदवाड़ा की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष भारत घई एवं समिति सदस्यों तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल जैन सहित जिले के अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. सनेसर को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। डॉ. पी.एन. सनेसर की यह सफलता न केवल छिंदवाड़ा जिले बल्कि शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि युवाओं एवं शिक्षकों को अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देती है।
Share News On