एफडीडीआई छिंदवाड़ा में छठा दीक्षांत समारोह आयोजित
शिक्षा
27-Nov-26
देवयानी मालवीय और मानसी बारवे को रजत पदक से किया गया सम्मानित

छिन्दवाडा अपडेट
फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), छिंदवाड़ा में आज छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान में आयोजित समारोह में सत्र 2022-2026 के बी.डेस. फैशन डिजाइन एवं बी.डेस. फुटवियर डिजाइन एंड प्रोडक्शन तथा सत्र 2024-2026 के एमबीए रिटेल एंड फैशन मर्चेंडाइजिंग के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एफडीडीआई छिंदवाड़ा के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईआईआईटीडीएम जबलपुर के प्रोफेसर एवं निदेशक भारतेंदु कुमार सिंह उपस्थित थे। वहीं एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा 8वीं बटालियन एसएएफ छिंदवाड़ा की कमांडेंट श्रीमती निवेदिता गुप्ता (आईपीएस) तथा विशिष्ट पूर्व विद्यार्थी के रूप में एमबीए रिटेल एंड फैशन मर्चेंडाइजिंग बैच 2012 के श्री अमित रेवास्कर उपस्थित रहे।
समारोह में बी.डेस. फैशन डिजाइन बैच 2022-2026 की छात्रा देवयानी मालवीय को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार एमबीए रिटेल एंड फैशन मर्चेंडाइजिंग बैच 2024-2026 की छात्रा मानसी बारवे को भी रजत पदक से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी विद्यार्थियों को उनके संबंधित पाठ्यक्रम के अनुसार उपाधियां प्रदान की गईं।
मुख्य अतिथि भारतेंदु कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविकताओं से अवगत कराया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि श्रीमती निवेदिता गुप्ता (आईपीएस) ने जीवन के अगले पड़ाव में आने वाली जिम्मेदारियों को निभाने के संबंध में अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
पूर्व विद्यार्थी अमित रेवास्कर ने उद्योग जगत में व्यावसायिक आचरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल के माध्यम से समाज के उत्थान में योगदान देने तथा देश और संस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छिंदवाड़ा परिसर के केंद्र प्रभारी अरित्रा दास ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।