बनगांव में रासेयो सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू
छिंदवाड़ा
22-Jan-26
छिंदवाड़ा
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन शासकीय माध्यमिक शाला, जम्होड़ी लकड़ाई में 22 से 28 जनवरी तक किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ “मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा” थीम के अंतर्गत 50 एनएसएस स्वयंसेवकों की सहभागिता के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस के प्रेरणापुरुष स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण कर की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती प्रेमलता कलीराम टेकाम, सरपंच ग्राम जमौड़ी उपस्थित रहीं। यह शिविर छिंदवाड़ा जिला एनएसएस संगठक रविंद्र नाफड़े के मार्गदर्शन, संस्था के प्राचार्य राजेश कुमार सनोडिया के संरक्षण तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रहलाद मालवीय के निर्देशन में संपन्न हो रहा है।
सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता, वृक्षारोपण, महिला शिक्षा, राष्ट्रीय मतदाता दिवस जागरूकता, डिजिटल साक्षरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान कमलेश चौरासे द्वारा एनएसएस गीत “हम होंगे कामयाब” की प्रस्तुति दी गई, जिससे स्वयंसेवकों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना है। इस अवसर पर डॉ. राकेश पटेल, अब्दुल आसिफ मंसूरी, मोहम्मद शोएब खान, वाहिद खान सहित 50 एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।