अब जिला अस्पताल में जन्म के 24 घंटे के अंदर मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र
छिंदवाड़ा
13-Feb-26
छिन्दवाडा
जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में अब नवजात शिशुओं का जन्म प्रमाण पत्र जन्म के 24 घंटे के भीतर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार प्रारंभ की गई है, जिससे हितग्राहियों को त्वरित लाभ मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड में जन्म पंजीयन के लिए पृथक काउंटर शुरू किया गया है। इस काउंटर के माध्यम से नवजात शिशु का जन्म पंजीयन कर जन्म के 24 घंटे के अंदर ही जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर हितग्राही को प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने में विलंब होने के कारण हितग्राहियों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल में यह नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे प्रसूताओं को उनके शिशु का जन्म प्रमाण पत्र शीघ्र मिल सके। इस सुविधा के प्रारंभ होने से हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी और अनावश्यक विलंब एवं परेशानी से राहत मिलेगी।