Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अब जिला अस्पताल में 267 प्रकार की ब्लड एवं यूरिन सैंपल जांच होगी मुफ्त

अब जिला अस्पताल में 267 प्रकार की ब्लड एवं यूरिन सैंपल जांच होगी मुफ्त
स्वास्थ्य
25-Jul-26
सांसद ने सेंट्रल क्लीनिकल लेबोरेटरी का किया शुभारंभ

छिंदवाड़ा

मोदी सरकार में आमजनों और गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अब जिलेवासियों को ब्लड टेस्ट कराने के लिए हजारों रूपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे, जिला चिकित्सालय में स्थापित की गई सेंट्रल क्लीनिकल लेबोरेटरी में 267 प्रकार की विभिन्न जांचे बिल्कुल मुफ्त में हो सकेंगी। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने शनिवार को मध्यप्रदेश शासन व चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सहयोग से छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज द्वारा जिला चिकित्सालय में स्थापित की गई नवनिर्मित अत्याधुनिक सेंट्रल क्लीनिकल लेबोरेटरी के शुभारंभ अवसर पर कही।  

सांसद ने कहा भोपाल-नागपुर जाने की जरूरत खत्म, 24 घंटे में मिलेगी रिपोर्ट

सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि इस सेंट्रल क्लिनिकल लेबोरेटरी के शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को महंगी, जटिल और गंभीर बीमारियों की जांच के लिए भोपाल, इंदौर या नागपुर जैसे महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। पहले जिन जांचों के सैंपल बाहर भेजे जाते थे और रिपोर्ट आने में 2 से 3 दिन का कीमती समय बर्बाद होता था, वे सभी जटिल जांचें अब इसी लैब में अत्याधुनिक मशीनों द्वारा मात्र एक दिन के भीतर कर दी जाएंगी।

सांसद ने कहा कैंसर से जुड़ी जांचें और ट्यूमर मार्कर भी शामिल  

सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि इस सर्वसुविधायुक्त लैब में बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अंतर्गत कुल 267 प्रकार की जांचें की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह है कि अब इस लैब में कैंसर से संबंधित नैदानिक ब्लड टेस्ट (जैसे ट्यूमर मार्कर) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा रूटीन ब्लड ग्लूकोज, एलएफटी (लिवर), केएफटी (किडनी), लिपिड प्रोफाइल, कार्डियक प्रोफाइल एवं हार्माेनल जांचे जैसे की थायराइड प्रोफाइल, एलएच, एफएसएच , प्रोलैक्टिन, विटामिन डी, विटामिन बी12, सीबीसी, पीटी-आईएनआर, ब्लड ग्रुप, यूरिन रूटीन, सीआरपी, विडाल टेस्ट सहित यूरिन व ब्लड कल्चर की उन्नत जांचें की जाएंगी।

प्रदेश सरकार लक्ष्य मरीजों को मिले अधिक से अधिक सुविधा

सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मरीजों को विश्वस्तरीय और सटीक रिपोर्ट देने के लिए मध्यप्रदेश शासन, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से करोड़ों रुपए की लागत वाली अत्याधुनिक मशीनें लैब में स्थापित कराई गई हैं। इन अत्याधुनिक मशीनों की कार्यक्षमता इतनी बेहतरीन है कि कुछ मशीनें प्रति घंटा 1000 से 1200 टेस्ट करने की क्षमता रखती हैं। इससे ब्लड टेस्टिंग की क्षमता और गुणवत्ता में पहले के मुकाबले बहुत बड़ा सुधार आएगा।

कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

जिला चिकित्सालय में स्थापित की गई सेंट्रल क्लीनिकल लेबोरेटरी के शुभारंभ अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर विक्रम अहके, अधिष्ठाता डॉ अभय कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता जगेन्द्र अल्डक, मनोज कुशवाहा, प्रमोद शर्मा, राहुल बंटी उईके, मनोज सक्सेना, नवीन बारस्कर, अंकुर शुक्ला, गरिमा प्रतीक दामोदर, अलकेश लांबा, शिवानी बंटी सक्सेना, जया विश्वकर्मा, संजु रग्गु यादव, माया बंदेवार, आलोक साहू, मोरेश्वर हिवसे, ओम चौरसिया, अरविंद राजपूत, अधीक्षक डॉ विपिन जैन, सिविल सर्जन डॉ कंचन दुबे, अस्पताल प्रबंधक डॉ उदय पराड़कर, आर एम ओ डॉ हर्षवर्धन कूड़ापे, पैथोलॉजी लैब इंचार्ज डॉ ममता आनंदेव, बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ महेंद्र गंधे, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ प्रीतम खैरकर, प्रभारी विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी एवं लैब नोडल डॉ पूर्ति त्रिपाठी, नोडल बायोकेमिस्ट्री लैब डॉ कृति करडे, लैब इंचार्ज सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्राची तिवारी, नर्सिंग ऑफिसर प्रीति भोजने, डॉ बजाज, डॉ हितेश मिश्रा, डॉ मयंक साहू एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, समस्त लेब तकनीशियन एवं एचएसीएल प्रमुख एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
Share News On