नितिन रघुवंशी बने बॉडीबिल्डिंग एवं मेन्स फिजिक ‘चैंपियन ऑफ चैंपियन’ मि. मध्यप्रदेश
खेल
15-Feb-26
छिंदवाड़ा/ बुरहानपुर
13 फरवरी को मध्य प्रदेश बॉडीबिल्डिंग एवं मेन्स फिजिक एसोसिएशन के तत्वाधान में एवं प्रदेश अध्यक्ष रविकांत अहिरवार के नेतृत्व में “मिस्टर मध्यप्रदेश बॉडीबिल्डिंग, मेन्स फिजिक एवं क्लासिक चैंपियनशिप” का भव्य आयोजन बुरहानपुर में किया गया। प्रतियोगिता का सफल संचालन जिला बॉडीबिल्डिंग एवं मेन्स फिजिक संघ, बुरहानपुर द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 125 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला बॉडीबिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव विक्रांत अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि छिंदवाड़ा जिले के तीन खिलाड़ियों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया।
छिंदवाड़ा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी नितिन रघुवंशी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल बॉडीबिल्डिंग में “चैंपियन ऑफ चैंपियन” का खिताब अपने नाम किया। इतना ही नहीं, उन्होंने मेन्स फिजिक में भी ओवरऑल “चैंपियन ऑफ चैंपियन” बनकर दोहरी उपलब्धि हासिल की। साथ ही 75 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
इसके अतिरिक्त 70 किलोग्राम वर्ग में यासीन शाह ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया, जबकि 85 किलोग्राम वर्ग में संगीत कहार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
टीम के कोच सिद्धार्थ मुखर्जी एवं गोविंद चौहान (मैनेजर) के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह ऐतिहासिक सफलता अर्जित की। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा तिवारी ने गेस्ट पोजिंग के रूप में विशेष प्रस्तुति दी, जिन्हें आयोजकों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा के इतिहास में पहली बार ओवरऑल बॉडीबिल्डिंग “चैंपियन ऑफ चैंपियन” का खिताब नितिन रघुवंशी ने जीतकर जिले को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर संगठन के सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।